
www.daylifenews.in
जोधपुर। भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, महामंदिर, जोधपुर को बुनियादी फ्रेमवर्क एवं शिक्षा संबंधी सहायता प्रदान की है। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय में शिक्षण के लिए अनुकूल वातावरण को सुदृढ़ करना तथा छात्राओं के शैक्षणिक एवं समग्र विकास के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। सीएसआर के अंतर्गत प्रदान की गई सुविधाओं में वाटर कूलर, स्मार्ट टीवी, स्मार्ट कक्षाओं के लिए शिक्षण सामग्री, सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन तथा सैनिटरी वेस्ट इंसीनरेटर शामिल हैं। इन सुविधाओं से विद्यालय की 225 छात्राएं लाभान्वित होंगीं। इससे डिजिटल शिक्षण तक उनकी पहुंच बढ़ेगी, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा तथा स्वच्छता एवं मासिक धर्म स्वास्थ्य प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर डॉ. देबदत्त चांद, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बैंक ऑफ़ बड़ौदा तथा लाल सिंह, कार्यपालक निदेशक की गरिमामयी उपस्थिति रही। डॉ. देबदत्त चांद, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने कहा, इस सीएसआर पहल के माध्यम से हमारा उद्देश्य बेहतर शिक्षण अवसर उपलब्ध कराकर तथा स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देकर छात्राओं के समग्र विकास में सहयोग करना है।