
राशि जमा नहीं किए तो अटकेगा पट्टा/प्रकरण का निस्तारण
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। नगर पालिका मनोहरपुर ने मंगलवार को मंगलम सिटी को अंतिम नोटिस थमाते हुए बकाया विकास शुल्क एवं अन्य देय राशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। राजस्थान टाउनशिप नीति-2024 के तहत स्वीकृत ले-आउट से जुड़े मामले में नगर पालिका ने डिमांड नोट की संपूर्ण बकाया राशि जमा कराने के साथ आवश्यक दस्तावेज भी निर्धारित समय में कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है। राशि जमा नहीं होने की स्थिति में संबंधित प्रकरण के निस्तारण अथवा पट्टा जारी करने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
नगर पालिका की ओर से 12 अगस्त 2026 को जारी पत्र में मंगलम बिल्ड के अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता राजेश कुमार शर्मा को संबोधित करते हुए बताया गया कि पूर्व में वर्ष 2010 की टाउनशिप नीति के अनुसार डिमांड नोट जमा कराया गया था, जबकि वर्तमान ले-आउट राजस्थान टाउनशिप नीति-2024 के तहत अनुमोदित है। इसी के चलते संशोधित विकास शुल्क एवं अन्य देय राशि जमा कराने के लिए पूर्व में भी पत्र जारी किया गया था।
डिमांड नोट की राशि जमा नहीं होने पर कार्रवाई के संकेत
नगर पालिका के पत्र के अनुसार निर्धारित अवधि बीत जाने के बावजूद संबंधित पक्ष की ओर से डिमांड नोट की संपूर्ण राशि जमा नहीं कराई गई। डिमांड में ट्रंक सीवर लाइन, ट्रंक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सहित अन्य मदों के शुल्क का उल्लेख किया गया है। साथ ही संबंधित प्रकरण से जुड़े आवश्यक पंजीकरण एवं दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।
नगर पालिका ने अंतिम सूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि डिमांड नोट की संपूर्ण बकाया राशि तत्काल जमा कराई जाए तथा संबंधित दस्तावेज तीन दिन के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएं। राशि जमा नहीं होने तक संबंधित पट्टे/प्रकरण का निस्तारण अथवा पट्टा जारी नहीं किया जाएगा।
पहले भी भेजा जा चुका है पत्र
नगर पालिका ने अपने पूर्व पत्र 29 जुलाई 2026 का हवाला देते हुए बताया कि संबंधित पक्ष को बकाया डिमांड नोट की पूरी राशि जमा कराने के लिए पहले ही सूचित किया जा चुका था। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं होने पर अब अंतिम सूचना जारी की गई है।