चालक की सूझबूझ और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

NH-48 पर केमिकल टैंकर में आग
जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर असवाल पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर करीब 11 बजे एक केमिकल से भरे टैंकर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सतर्कता दिखाते हुए कंटेनर से कूदकर उसमें रखे सिलेंडर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी।
स्थिति बिगड़ती देख चालक पास ही स्थित असवाल पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां मौजूद जमील खान चौहान को घटना की जानकारी दी। जमील खान चौहान ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मनोहरपुर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने तुरंत शाहपुरा फायर इंचार्ज बाबूलाल गुर्जर को सूचना दी। करीब 15 – 20 मिनट में दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरिनारायण यादव भी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पानी के टैंकर मंगवाए गए। तीन दमकलों की मदद से टैंकर के केबिन में लगी आग पर काबू पाया गया, हालांकि आग से टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैंकर गुजरात के कांडला से पानीपत (हरियाणा) की ओर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रणवीर सिंह, थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, एएसआई सुरेंद्र सिंह (रायसर), एएसआई भीमसिंह (इंटरसेप्टर शाहपुरा) और पटवारी प्रियंका जांगिड़ मौके पर पहुंचे।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने जयपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को कुछ समय के लिए रोक दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। सूत्रों के अनुसार, यदि समय पर दमकल नहीं पहुंचती तो केमिकल से भरे टैंकर के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद एहतियात के तौर पर क्रेन की सहायता से कंटेनर को थाना लेजाकर खड़ा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *