

तीन दिन में दूसरी आगजनी
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात दौसा रोड स्थित शिवपुरी पुलिया के पास एक चलती कार में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन कुछ ही मिनटों में जलकर पूरी तरह राख हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार रतनपुरा निवासी रामेश्वर लोछिब पुत्र कजोड़मल अपनी कार से मनोहरपुर से लाला की ढाणी (रतनपुरा) जा रहे थे। रात करीब 8:21 बजे शिवपुरी पुलिया के पास अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकंड में कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना के बाद चालक ने तत्परता दिखाते हुए कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर एएसआई राजेंद्र कुमार मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और दमकल को बुलाया, लेकिन जब तक दमकल पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
20 मिनट तक हाईवे जाम
आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर हाईवे के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे करीब 20 मिनट तक लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से जली हुई कार को हटाकर थाने पहुंचाया गया।
तीन दिन में दूसरी बड़ी घटना
मनोहरपुर क्षेत्र में तीन दिन के भीतर आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले असवाल पेट्रोल पंप के पास केमिकल से भरे टैंकर में आग लगने से उसका केबिन पूरी तरह जल गया था। उस समय भी दमकल की देरी ने नुकसान बढ़ा दिया था।
दमकल की कमी फिर आई सामने
हर बार की तरह इस घटना में भी स्थानीय स्तर पर दमकल की कमी साफ नजर आई। आग लगने की स्थिति में शाहपुरा से दमकल बुलानी पड़ती है, जिसे मौके पर पहुंचने में 10–15 मिनट लग जाते हैं। इतने समय में अधिकांश नुकसान हो चुका होता है।
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी
प्रत्यक्षदर्शी रामकरन ने बताया कि वह शिवपुरी माता मंदिर में पूजा कर रहे थे, तभी जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे तो कार आग की लपटों में घिरी हुई थी। करीब 20 मिनट बाद दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।