
www.daylifenews.in
मुंबई। भारत के अंतर्राष्ट्रीय बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने स्टाफ सदस्यों के लिए विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन कर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ संगठन में टीम भावना और आपसी सौहार्द को सुदृढ़ करना था। इस कार्यक्रम की शोभा बैंक के कार्यपालक निदेशकों, ललित त्यागी, संजय विनायक मुदलियार, लाल सिंह एवं बीना वहीद सहित बैंक के अन्य स्टाफ सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी। ललित त्यागी, कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने कहा, राष्ट्रीय खेल दिवस हमें महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की विरासत का सम्मान करते हुए अपने स्टाफ सदस्यों को फिटनेस को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करता है। फिट इंडिया मूवमेंट में अपनी सहभागिता के माध्यम से, हमें एक स्वस्थ और अधिक सक्रिय भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देते हुए प्रसन्नता हो रही है।