मण्डावर में ब्राह्मण समाज ने धूमधाम से मनाया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव

भगवान परशुराम के जयकारों से गुंजायमान हुआ शहर,सजाई जीवंत झाकियां

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। मण्डावर नगर पालिका शहर में रविवार को ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव विशाल शोभायात्रा निकालकर बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे परशुराम मंदिर से बाइक रैली निकाल कर किया गया। बाइक रैली को ब्राह्मण समाज उपाध्यक्ष महंत संतोष शर्मा व युवा अध्यक्ष रिंकू हल्दैनिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद बाइक रैली शहर के हॉस्पिटल रोड़, गांधी चौक, तहसील रोड़, कपड़ा मार्केट, मिस्त्री मार्केट, बस स्टैंड, थोड़ी का बास, बीच का बास,गांव मण्डावर से निकालकर वापस भगवान परशुराम के मंदिर पर पहुंची। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे शहर के रामनिवास एण्ड कंपनी से विशाल कलश शोभायात्रा शुरू की गई। जिसमे समाज की सैकडों महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर परशुराम भगवान की झांकी के आगे चल रही थी। वहीं बैंड- बाजे की धुन पर समाज के युवा परशुराम भगवान के जयकारों के बीच नाचते गाते हुए चल रहे थे। इस दौरान शहर भगवान परशुराम के जयकारों के गूंज उठा। शोभायात्रा में भोले बाबा की अगोरी बारात, शिव तांडव एवं राधाकृष्ण की जीवंत झांकियों के मनमोहक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। जिसे देखने के लिए लोग अपने- अपने घरों से बाहर निकलकर देखने लगे। शोभायात्रा का अग्रवाल समाज, खंडेलवाल समाज, साइंस कैम्पस स्कूल के संचालक विजय झालानी व अजय झालानी, विकास सेंट्रल स्कूल से एमडी शर्मा, विकास उपाध्याय, आकाश उपाध्याय सहित समाजसेवियों एवं संगठनों ने पुष्पवर्षा एवं जलपान करवाकर जोरदार स्वागत किया गया। इधर शोभायात्रा के दौरान मण्डावर थानाधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के निर्देशानुसार पुलिस जाब्ता तैनात रहा। इसके बाद पंचायती धर्मशाला में सायं करीब 6 बजे स्वागत समारोह कार्यक्रम आयोजित हुआ। हुआ। जहां कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का ब्राह्मण समाज मण्डावर के पदाधिकारियों ने माला व साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद ब्राह्मण समाज की ओर से अनेक प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। साथ ही ब्राह्मण समाज द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मंच पर मौजूद मुख्य अतिथियों ने समाज के लोगों को सम्बोधित करते हुए ब्राह्मण समाज की एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगो को एक- दूसरे के साथ मिलकर चलें। समाज के प्रति एकजुट होकर कार्य करें। समाज के असहाय व निर्धन लोगों की मदद करें। इसी के साथ कार्यक्रम की समाप्ति के बाद श्री परशुराम की प्रतिमा के समक्ष भव्य आरती कर प्रसादी का भोग लगाया गया। इसके बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने सामूहिक पंगत प्रसादी ली। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष बृजमोहन दास शर्मा, पूर्व अध्यक्ष एमड़ी शर्मा, अजय शर्मा, चुन्नू शर्मा, मुकेश गौड़, रविंद्र हल्दैनिया, हितेश जोशी, दिलीप जोशी, पवन जोशी सहित समाज के अनेक लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *