
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। सवाई मानसिंह चिकित्सालय, जयपुर में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी कैलाश बुनकर (गठवाड़ी-बोबाड़ी निवासी) के लगभग33 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के उपरांत सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सा कर्मियों द्वारा सर्जिकल आउटडोर परिसर में बुनकर का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। वक्ताओं ने बुनकर द्वारा विभिन्न विभागों में निष्ठा, अनुशासन और मानवीयता के साथ दी गई सेवाओं की सराहना की, और कहा कि उनका कार्यकाल नर्सिंग पेशे के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। बुनकर का उनकी धर्मपत्नी एवं परिवार सहित शॉल, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्ति के बाद जब वे अपने गृह क्षेत्र गठवाड़ी-बोबाड़ी पहुँचे, तो विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने भी उनका भव्य स्वागत किया। गाँव में पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और सम्मान समारोह के माध्यम से उनके सामाजिक और चिकित्सा सेवा क्षेत्र में दिए गए योगदान का आदर प्रकट किया गया। यह सम्मान 33 वर्षों की सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की यात्रा का अभिनंदन था, जिसमें सभी ने उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।