
पीएम श्री बालिका उमावि बापू नगर भीलवाड़ा
www.daylifenews.in
भीलवाड़ा। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापू नगर में आज प्रताप नगर थाने में कार्यरत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की कमांडो सुशीला चौधरी द्वारा छात्राओं के लिए महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्था प्रधान सुनीता नानकानी ने बताया कि राज्य स्तर पर पुरस्कृत कमांडो सुशीला चौधरी ने छात्राओं को RajCop Citizen App के माध्यम से अपना बचाव करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 112 अथवा वन स्टॉप सेंटर का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
विद्यालय की ओर से एम. कोडिस ने भी छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव में आकर अपने साथ होने वाली घटनाओं को छुपाएं नहीं, बल्कि तुरंत अपने अच्छे मित्र व माता-पिता को बताएं। आत्मरक्षा और कानूनी जागरूकता ही सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है।
शारीरिक शिक्षिका पुष्पा अग्रवाल ने कालिका पेट्रोलिंग टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में बालिकाओं की सुरक्षा एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में कक्षा 9-10 की 250 से अधिक छात्राओं ने भाग लेकर आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स सीखे।