

डोडा चूरा सहित तस्कर गिरफ्तार
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। जयपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन एंटी वेनम 3.0’ के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त (छिलका) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डोडा चूरा से भरे कट्टे बरामद कर कार को जब्त कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध XUV 300 कार (नंबर RJ 52 CA 3997) को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में रखे चार प्लास्टिक के कट्टों से करीब 1.764 किलोग्राम डोडा छिलका बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से कार चालक सीताराम (38) पुत्र गणपत लाल निवासी वार्ड नंबर 12, कंवरपुरा थाना चंदवाजी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास मादक पदार्थ परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज नहीं मिले। इस संबंध में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई जयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई। कार्रवाई का नेतृत्व मनोहरपुर थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह एवं उप निरीक्षक कुंवर सिंह ने किया। टीम में कांस्टेबल सुरज्ञान, लक्ष्मण प्रसाद, रमेश और आशीष की अहम भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले की विस्तृत जांच अमरसर थानाधिकारी कमल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।