
उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जयपुर। देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को सम्पूर्ण जयपुर जिले में उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया।
चौगान स्टेडियम में आयोजित हुए जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, युवा मामले एवं खेल, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता तथा सैनिक कल्याण विभाग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उससे पूर्व उन्होंने अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
समारोह में मुख्य अतिथि ने खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सांसद जयपुर शहर श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक हवामहल श्री बाल मुकुंदाचार्य, जिला प्रमुख श्रीमती रमा चोपड़ा, संभागीय आयुक्त जयपुर वी सरवन कुमार, जिला कलक्टर संदेश नायक व पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, अभिभावक एवं आमजन उपस्थित रहे।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, बलिदान और संघर्ष के साथ-साथ सेना व पुलिस के जवानों के बलिदान को भी सदा स्मरण रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमे स्वतंत्र भारत को सक्षम भारत, सक्षम भारत को समृद्ध भारत एवं समृद्ध भारत को विकसित भारत बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हम भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कथन के अनुसार सबका साथ, सबका विकास के साथ-साथ सबका प्रयास से ही 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार कर पाएंगे।
इस दौरान सम्पूर्ण परेड कमाण्डर हिमांशु सिंह पंवार की अगुवाई में हुई। राजस्थान सशस्त्र बल (पांचवी आरएसी) की टुकडी का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर लक्ष्मीनारण ने किया। एसआई संदीप के नेतृत्व में आयुक्तालय पुलिस पुरुष, एस आई नेहा भांभू की अगुवाई में कालिका यूनिट जयपुर, एस आई आशा के नेतृत्व में आयुक्तालय पुलिस महिला टुकड़ी ने भागीदारी की। प्लाटून कमांडर रिंकू के नेतृत्व में महिला होमगार्ड ने तथा प्लाटून कमांडर लक्ष्मण के नेतृत्व में पुरुष होमगार्ड ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। आयुक्तालय बैंड का नेतृत्व इमामुद्दीन ने तथा एमजीडी स्कूल के बैंड का नेतृत्व आरोही व आराध्या ने किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी ने माननीय राज्यपाल महोदय के संदेश का पठन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा 37 उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया।
राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् थीम पर सामूहिक लोक नृत्य एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इससे पूर्व संभागीय आयुक्त कार्यालय जयपुर पर संभागीय आयुक्त वी सरवन कुमार ने तथा कलक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर संदेश नायक ने ध्वजारोहण किया। जिला कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 54 कार्मिकों का सम्मान भी किया।