
रामगंज में दिखाई दी गंगा-जमुनी तहजीब
जाफर लोहानी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। राजधानी जयपुर के रामगंज क्षेत्र स्थित लुहारों का खुर्रा में एक अनोखी और प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101 वर्ष पूर्ण होने पर गालव नगर द्वारा निकाले गए भव्य पथ संचलन का मुस्लिम समाज ने दिल खोलकर स्वागत किया।
जैसे ही संघ के स्वयंसेवक अनुशासित कदमताल के साथ लुहारों का खुर्रा पहुंचे, वहां पहले से मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने उन पर फूलों की पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। सड़क फूलों से पट गई। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया।
इस अवसर पर मौजूद वहीद खान ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती हिन्दू-मुस्लिम भाईचारे में है। उन्होंने कहा कि भारत की खुशहाली के लिए आपसी एकता और प्रेम बहुत जरूरी है। इस तरह के आयोजन हमारे देश की एकता को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में अब्दुल सलीम, शाहनवाज़ खान, फैसल खान, फेज़ान मो, नाइमुद्दीन महिगीर, मो शरीफ और साबिर अहमद सहित कई सम्मानित सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि हम सब मिलकर देश को आगे ले जाएंगे। स्थानीय लोगों ने कहा कि रामगंज हमेशा से भाईचारे की मिसाल रहा है और आज फिर यह साबित हो गया कि यहाँ दिलों में नफरत नहीं, बल्कि प्यार बसता है।