
www.daylifenews.in
जोधपुर। जोधपुर जिले के ठाडिया गांव के नरेंद्र कुमार ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा 2024 में 411वीं रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया है। वे अपने गांव के पहले RAS अधिकारी बने हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
नौकरी के साथ जारी रखी तैयारी
नरेंद्र पिछले 13 वर्षों से DoIT&C विभाग में असिस्टेंट प्रोग्रामर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने MBM Engineering College, जोधपुर से MCA की पढ़ाई की है। ऑफिस की जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने रोजाना लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन कर RAS की तैयारी जारी रखी।
दूसरे प्रयास में पाई सफलता
यह नरेंद्र का दूसरा प्रयास था। RAS 2023 में उन्हें 594 वीं रैंक मिली थी। पहली परीक्षा से सीख लेते हुए रणनीति में सुधार किया और इस बार 411वीं रैक हासिल कर ली।
संघर्ष से भरा सफर
नरेंद्र साधारण परिवार से आते हैं। पिता हेयर सैलून चलाते हैं, जबकि छोटे भाई न्यायालय में रीडर हैं। छह माह के अंतराल में माताजी और दादाजी के निधन से वे बेहद कठिन दौर से गुजरे, लेकिन हिम्मत नहीं हारी और लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे।
गांव में जश्न का माहौल
सरपंच ने इसे ठाडिया के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। कहा कि नरेंद्र की सफलता से गांव के युवाओं को नई दिशा मिलेगी। शीघ्र ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने भी परिवार को बधाई दी है।
नरेंद्र का कहना है:“सीमित संसाधन कभी बाधा नहीं बनते, अगर दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत का जज़्बा हो। मेरा लक्ष्य प्रशासनिक सेवा से राजस्थान के लोगों की सेवा करना और जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है।”