सिमरन शेखावत बनीं गांव की पहली RAS

जाफ़र अज़ीज़ लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। प्रतिभा, धैर्य और निरंतर मेहनत का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए सिमरन (पूनम) शेखावत ने राज्य प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा-2024 में 29 वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। खास बात यह है कि यह सफलता उन्हें तीसरे प्रयास में मिली, जिसने उनके संघर्ष और संकल्प की मजबूत कहानी लिख दी।
परिजनों के अनुसार सिमरन ने अपने पहले प्रयास RAS-2021 में 402 वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद RAS-2023 में 261वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी स्थिति को मजबूत किया और अब RAS-2024 में 29वीं रैंक के साथ शानदार छलांग लगाते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया। वर्तमान में सिमरन जैसलमेर में तहसीलदार के रूप में परिवीक्षाकाल के दौरान सेवाएं दे रही हैं।
सिमरन के पिता नरेंद्र सिंह शेखावत समोद होटल में सेफ हैं, जबकि माता अंजू कंवर गृहिणी हैं। परिवार में छोटे भाई आदित्य और बहन प्रिया कंवर भी हैं। सिमरन अपनी सफलता का श्रेय अपनी मासी शिल्पा राठौड़ और बड़े भाई चंदन सिंह शेखावत को देती हैं, जिनसे उन्हें निरंतर प्रेरणा मिली। सिमरन ने नियमित रूप से प्रतिदिन करीब आठ घंटे अध्ययन कर यह मुकाम हासिल किया।
गांव की पहली RAS बनकर बढ़ाया मान.
उपसरपंच प्रतिनिधि संग्राम सिंह करीरी ने बताया कि सिमरन गांव की पहली RAS अधिकारी बनी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गौरव की लहर है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्रामीणों ने करीरी गांव स्थित शनि महाराज मंदिर परिसर में आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
युवाओं के लिए प्रेरणा.
सिमरन की सफलता यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी कहानी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *