संदिग्ध लेनदेन का खुलासा, साइबर फ्रॉड का आरोपी गिरफ्तार

एक साल से फरार 23 वर्षीय आरोपी राधेश्याम गुर्जर दबोचा
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साल से फरार चल रहे अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राधेश्याम गुर्जर (23) निवासी सुंदरपुरा, थाना मनोहरपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से साइबर फ्रॉड से अर्जित संपत्ति से खरीदे गए वाहन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विभिन्न बैंक खातों में पिछले करीब दो वर्षों के दौरान 11 से 12 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि का लेनदेन सामने आया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन पर कुल 57 शिकायतें दर्ज होना भी सामने आया है। इन शिकायतों के संबंध में आरोपी के बैंक खातों में करीब 26 लाख 74 हजार 691 रुपये की राशि प्राप्त होना पाया गया।
साथियों से मिलकर बैंक खातों का करता था इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को बैंक खातों में राशि जमा कराने के लिए प्रेरित करता था। इसके बदले खाताधारकों को कमीशन देने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बैंक खातों से प्राप्त रकम को आगे साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचाने में शामिल था।
साइबर शिकायतों के आधार पर खुला मामला
जांच के दौरान SBI बैंक मनोहरपुर खाते के खिलाफ 36 शिकायतें और PNB बैंक मनोहरपुर खाते के खिलाफ 10 शिकायतें दर्ज होना सामने आया। इसके अलावा अन्य बैंक खातों से संबंधित शिकायतें भी मिलीं। पुलिस ने साइबर क्राइम समन्वय केंद्र के पोर्टल पर बैंक खातों की डिटेल खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
साइबर ठगी की रकम से खरीदी संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी से जुड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए महिंद्रा थार जीप नंबर RJ52CA6677, टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल नंबर RJ52SG3506 और मैसी डीआई ट्रैक्टर नंबर RJ52RA5692 जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार एक मोटरसाइकिल व मैसी डीआई ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं, जबकि महिंद्रा थार जीप की तलाश जारी है।
कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, कोटपूतली, छत्तीसगढ़, जयपुर आयुक्तालय, मंगोलपुरी दिल्ली, कामां और भरतपुर सहित विभिन्न स्थानों पर साइबर अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा लक्ष्मीनारायण सैनी के निकट पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी मनोहरपुर आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में थाना मनोहरपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *