

नादिरा बानो की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। भट्टा बस्ती में थाने की नाक के नीचे अवैध बेसमेंट बनकर तैयार हो गया है और सिस्टम देखता रहा। मामला है हाउसिंग बोर्ड, प्लॉट नंबर 263, एक निजी स्कूल से सटे हुए प्लॉट का। लोगों ने बताया कि इसाक नामक व्यक्ति ने बिना किसी मंजूरी के रातों-रात अवैध बेसमेंट बनाकर तैयार कर दिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये पूरा बेसमेंट बिना जेडीए और नगर निगम से नक्शा पास कराए बनाया गया है। सबसे खतरनाक बात ये है कि ये बेसमेंट एक निजी स्कूल की दीवार से सटाकर बनाया गया है। गहरी खुदाई के दौरान स्कूल की नींव हिलने और दीवारों में दरार आने का खतरा है, जिससे वहां पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों की जान खतरे में है।
और सबसे बड़ी बात, ये अवैध बेसमेंट थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर बनकर तैयार हो गया। यानी पुलिस की आंखों के सामने रातों-रात काम हुआ और किसी ने नहीं रोका। स्थानीय लोगों के मुताबिक दिन में काम बंद दिखाया जाता था और रात में जेसीबी और मजदूर लगाकर बेसमेंट तैयार कर दिया गया।
लोगों का कहना है कि इसाक के हौसले इतने बुलंद हैं कि उसे किसी का डर नहीं। अब बेसमेंट तैयार होने के बाद ऊपर अवैध मंजिलें बनाने की तैयारी है। लोगों ने कई बार जेडीए, नगर निगम और पुलिस में शिकायत की, लेकिन सब तान कर सो रहे हैं।
नियमों के मुताबिक बिना स्ट्रक्चर रिपोर्ट और एनओसी के बेसमेंट बनाना पूरी तरह अवैध है और इसे तुरंत सीज होना चाहिए। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निजी स्कूल से सटे इस तैयार अवैध बेसमेंट पर तुरंत कारवाही की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाए।