शाहपुरा कचरा डंपिंग स्थल से उठते जहरीले धुएं पर विधायक सख्त

मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की माँग
www.daylifenews.in
शाहपुरा। नगर परिषद शाहपुरा के खोरी रोड़ स्थित कचरा डंपिंग स्थल पर लगातार सुलग रही आग, जहरीले धुएं एवं आबादी क्षेत्र के निकट होने से आमजन को हो रही गंभीर स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय परेशानियों को लेकर विधायक मनीष यादव ने स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
विधायक ने पत्र में बताया कि पिछले कई दिनों से डंपिंग स्थल पर कचरा सुलगने से उठ रहा जहरीला धुआं आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों, बच्चों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, एलर्जी व अन्य बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि यह स्थिति जनस्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बन चुकी है। डंपिंग यार्ड से निकल रहा धुआं वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर रहा है तथा भूमि व भूजल प्रदूषण की आशंका भी बढ़ा रहा है। विधायक ने कहा कि स्थानीय प्रशासन अब तक केवल औपचारिक कदम उठा रहा है, जबकि स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
पत्र में मंत्री से मांग की गई है कि डंपिंग स्थल पर सुलग रही आग को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह बुझाया जाए, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाए तथा डंपिंग यार्ड को आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *