
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। ग्राम रामगढ़ की ढाणी, तहसील मनोहरपुर के ग्रामीणों ने मकानों तक जाने वाले रास्ते को तारबंदी कर बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए उपखंड अधिकारी शाहपुरा को ज्ञापन सौंपकर रास्ता खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से उपयोग में लिया जा रहा रास्ता अचानक बंद कर दिए जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मुख्य सड़क से लगती विभिन्न ढाणियों के लोग लंबे समय से इसी मार्ग से आवागमन करते आ रहे थे, लेकिन कुछ लोगों द्वारा कांटेदार तार लगाकर रास्ते को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया। इससे ढाणियों में रहने वाले लोगों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में करीब 700 लोग निवास करते हैं, जिन्हें रास्ता बंद होने से दैनिक कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। बीमार पशुओं को पशु चिकित्सक तक ले जाने, पानी के टैंकरों की आवाजाही तथा बच्चों के स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई परिवारों को अब लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में रास्ता खुलवाने तथा उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर किए गए।