
जाफर लोहानी
मनोहरपुर (जयपुर)। पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन राजस्थान द्वारा कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर “स्वाभिमान बचाओ आंदोलन” का प्रथम चरण रविवार से शुरू किया जाएगा। यह जानकारी संगठन के प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम टेलर ने दी।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में प्रदेशभर के सभी उपखंड अधिकारियों (एसडीएम) एवं विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद 8 जून को सभी जिला कलेक्टरों एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। कर्मचारियों द्वारा सभी मुख्यालयों पर सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया जाएगा तथा आठ दिनों तक आधे दिन का कलम डाउन आंदोलन चलाया जाएगा। इसके साथ ही मंत्रियों एवं विधायकों का घेराव भी किया जाएगा।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक निठारवाल ने कहा कि मंत्रालयिक कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष व्याप्त है। यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 1 जुलाई से पूरे राजस्थान में जी-राम-जी योजना का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। इसके अलावा 6 जुलाई को मुख्यमंत्री का घेराव तथा 7 जुलाई को प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों और जिला महामंत्रियों सहित लगभग 251 प्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक जल समाधि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम चौधरी, संघर्ष समिति के विनोद पाठक तथा शाहपुरा ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल शर्मा ने आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कर्मचारियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। संगठन ने राज्य सरकार से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।