
महंगाई और पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच व रासुका लगाने की मांग
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। देश में बढ़ती महंगाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर महुवा के पूर्व विधायक डॉ. ओमप्रकाश हुड़ला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मण्डावर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति और राजस्थान के राज्यपाल के नाम बैजूपाड़ा नायब तहसीलदार एवं मण्डावर कार्यवाहक एसडीएम संतोष गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर दोनों मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में डॉ. हुड़ला ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम नागरिक, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और बेरोजगार युवा सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई तथा जरूरतमंद परिवारों को रियायती दर पर राशन उपलब्ध कराने की मांग की।
डॉ. हुड़ला ने पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि वर्षों की तैयारी के बावजूद परीक्षाएं रद्द होने से छात्रों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने हाल के पेपर लीक मामलों की सीबीआई अथवा उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने, दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने पेपर लीक में शामिल माफियाओं की संपत्ति कुर्क करने तथा उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल से युवाओं के हितों की रक्षा तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामहरी मीणा, जटवाड़ा मंडल अध्यक्ष रामरतन मीणा, लालसिंह राजपूत, बबली सैनी, भरतलाल मीणा, लेखराम, मनोज महुखेड़ा, अंगद धौलखेड़ा, बलराम पाखर, रामचरण प्रजापत, राजेंद्र ऊकरूंद, विनोद ऊकरूंद, रामनिवास पाड़ला, श्योप्रसाद बैरवा, भागचंद बैरवा, खैरालाल मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।