
आधे घंटे की झमाझम बारिश से मिली राहत
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां उपखंड क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज अंधड़ और बादलों की गर्जना के साथ करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। नौतपा की भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम सुहाना होने के साथ ही बाजारों में भी रौनक लौट आई।
सोमवार सुबह से ही नौतपा के प्रभाव के चलते तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ था। दोपहर के समय लू और उमस के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में ही रहने को मजबूर थे।
स्थानीय व्यापारी पंकज खंडेलवाल हलवाई ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद बादलों की गर्जना के साथ दोपहर करीब 2 बजे बारिश शुरू हुई, जो करीब आधे घंटे तक जारी रही।
अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश थमने के बाद मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। लोग घरों से बाहर निकलकर सुहाने मौसम का आनंद लेने लगे। वहीं मुख्य बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई और व्यापारिक गतिविधियां फिर से पटरी पर लौटती नजर आईं।