
www.daylifenews.in
मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी में 3 से 6 जून 2026 तक तृतीय अंतरराष्ट्रीय मन, मस्तिष्क एवं चेतना सम्मेलन-2026 का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश की सुरम्य कमांड घाटी में स्थित संस्थान परिसर में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, विद्यार्थी, आध्यात्मिक चिंतक और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन में भारत और विदेशों से 400 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के दौरान 250 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 18 मुख्य व्याख्यान, 8 आमंत्रित व्याख्यान, 3 पैनल चर्चाएं, कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न अंतर्विषयक सत्र आयोजित किए जाएंगे। आईआईटी मंडी के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में चेतना को मूलभूत वास्तविकता माना गया है। मन, मस्तिष्क और चेतना का समन्वित अध्ययन मानव कल्याण को समझने के साथ-साथ अल्ज़ाइमर, पार्किंसन और डिमेंशिया जैसी बीमारियों से जुड़े अनुसंधानों को भी नई दिशा प्रदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्राचीन ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के बीच वैश्विक संवाद को मजबूत करने का कार्य करेगा।