बड़ कॉलोनी में नाली बंद होने से सड़क पर फैला गंदा पानी

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां मण्डावर शहर की बड़ कॉलोनी में नाली अवरुद्ध होने से गंदा पानी सड़क पर फैलने लगा है। इससे कॉलोनीवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी (ईओ) को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी के लिए बनी सार्वजनिक नाली में मिट्टी, कंकड़ और कट्टे डालकर अवरोध कर दिया गया है। इससे नाली का पानी बाहर निकलकर सड़क पर जमा हो रहा है। लोगों का आरोप है कि बड़ कॉलोनी में निवास करने वाले पवन जैन की पत्नी द्वारा नाली को बंद किए जाने के कारण यह स्थिति बनी हुई है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि नाली बंद होने से गटर का गंदा पानी और कीचड़ सड़क पर फैल रहा है। इससे क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग सरकारी अस्पताल और एक निजी अस्पताल को जोड़ता है, इसलिए यहां दिनभर मरीजों और राहगीरों की आवाजाही रहती है।
लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर पवन जैन की पत्नी को समझाने पर संबंधित पक्ष विवाद और अभद्र व्यवहार पर उतारू हो जाता है। सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण राहगीरों को मुंह पर कपड़ा लगाकर निकलना पड़ रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
कॉलोनीवासियों ने ईओ से मांग की है कि मामले की जांच कर सार्वजनिक नाली को तत्काल खुलवाया जाए तथा सड़क पर फैल रहे गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *