
www.daylifenews.in
नई दिल्ली। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने आईआईटी दिल्ली में नीति-निर्माताओं, स्टार्टअप इकोसिस्टम के लीडरों, शैक्षणिक संस्थानों, निवेशकों और युवा उद्यमियों की उपस्थिति में ‘नवाचार मंत्र’ लॉन्च किया। इस राष्ट्रीय पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर उद्यमिता को मजबूत करना और उभरते भारत में इनोवेटर्स के लिए अवसरों का विस्तार करना है। इस प्रोग्राम को नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्मॉल बिजनेस डेवलपमेंट (निसबड) द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसमें आईआईटी दिल्ली का फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (एफ़आईटीटी) टेक्निकल नॉलेज पार्टनर के रूप में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर जयन्त चौधरी ने कहा, दुनिया को न केवल भारत में बने प्रोडक्ट्स का उपयोग करना चाहिए, बल्कि भारत में सोची गई टेक्नोलॉजी का भी उपयोग करना चाहिए; यही ‘नवाचार मंत्र’ की सच्ची भावना है। चाहे वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हो, सेमीकंडक्टर हो, ग्रीन एनर्जी हो, बायोटेक्नोलॉजी हो, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर हो या एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग हो, ग्लोबल ट्रांसफार्मेशन की अगली लहर पर भारत की बौद्धिक छाप अवश्य होनी चाहिए।