
कबूतर रखने के लिए पुराना कूलर बना हत्या की वजह
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बा पूर्व भाजपा एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष रामावतार उर्फ पप्पू असवाल की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या के मामले का जयपुर ग्रामीण पुलिस ने मात्र तीन दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी सोहेल पुत्र कुतुबुद्दीन लुहार (20) निवासी लुहार मंडी, मनोहरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कबाड़ खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लोहे के एंगल और चाकू से हमला कर हत्या को अंजाम दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा रणवीर सिंह एवं वृत्ताधिकारी शाहपुरा रामावतार सिंह ताखर के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया।
मनोहरपुर थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह, शाहपुरा थाना प्रभारी रिया चौधरी, अमरसर थाना प्रभारी कमल सिंह तथा डीएसटी टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि घटना स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार रामावतार असवाल वर्षों से कबाड़ का व्यवसाय करते थे और घटनास्थल उनका कबाड़ गोदाम था। एक जून की शाम आरोपी सोहेल पुराने कूलर खरीदने के लिए गोदाम पहुंचा था। खरीद-फरोख्त को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने लोहे के एंगल से रामावतार असवाल के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने चाकू से गर्दन और हाथ पर वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मृतक के भाई गुलाब असवाल की रिपोर्ट पर मनोहरपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वयं मनोहरपुर थाने में कैंप कर जांच की निगरानी करते रहे। लगातार तीन दिन चली जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
कांस्टेबल दारा सिंह की रही अहम भूमिका
हत्याकांड के खुलासे में मनोहरपुर थाना के कांस्टेबल दारा सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में कांस्टेबल सुरज्ञान सिंह, नीरज कुमार एवं आशीष कुमार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
न्याय की मांग को लेकर आज होगी बैठक
जानकारी के अनुसार मृतक रामावतार असवाल को न्याय दिलाने एवं आगे की रणनीति को लेकर शनिवार दोपहर 1 बजे शिव मंदिर परिसर में सर्वसमाज की बैठक आयोजित की जाएगी।