
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन राजस्थान के आह्वान पर मंगलवार को प्रदेशभर में “स्वाभिमान बचाओ आंदोलन” के तहत जिला कलेक्टरों एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों के समाधान की मांग की गई।
प्रदेश महामंत्री एवं जयपुर जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम टेलर ने बताया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक निठारवाल ने कहा कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर 6 जुलाई को मुख्यमंत्री का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों एवं महामंत्रियों द्वारा जल समाधि आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
इस अवसर पर राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सुनील मोदी ने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो प्रदेश के 122 विभागों के करीब एक लाख कर्मचारी आंदोलन में शामिल होंगे।
कर्मचारियों ने पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को भी ज्ञापन सौंपकर उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में मुकेश मुद्गल, विजय सिंह राजावत, यतीन्द्र, छाजूराम सैन, गजेन्द्र सिंह, तनु वर्मा, रामकिशोर मीणा, निर्भय धाकड़, ओम चौधरी, रामसिंह सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।