दिल्ली तिराहा पुलिया पर इसी सप्ताह पहुंचेगी गार्डर मशीन

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। भाजपा प्रत्याशी उपेन यादव ने सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक अजय आर्य से मुलाकात कर शाहपुरा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में तेजी लाने की मांग की। बैठक में दिल्ली तिराहा पुलिया, सर्विस लेन, अंडरपास, नालियों की सफाई तथा घासीपुरा अंडरपास सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस दौरान उपेन यादव ने बताया कि हाल ही में दिल्ली तिराहा पुलिया का निरीक्षण करने के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर आपत्ति जताई गई थी। इस पर परियोजना निदेशक ने आश्वस्त किया कि पुलिया पर गार्डर स्थापित करने के लिए आवश्यक मशीनें इसी सप्ताह शाहपुरा पहुंच जाएंगी। मशीनों के पहुंचते ही शेष 10 गार्डरों को रखने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा तथा इसके बाद स्लैब निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में मिट्टी भराव का कार्य जारी है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में शाहपुरा की दोनों पुलियाओं की सर्विस लेन पर सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़क निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। परियोजना निदेशक ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर सीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उपेन यादव ने शाहपुरा और मनोहरपुर पुलिया के पास बनी नालियों में जमा कचरे की समस्या से भी अवगत कराया। इस पर एनएचएआई अधिकारियों ने तत्काल सफाई करवाने का आश्वासन दिया, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके अलावा जयपुर तिराहा पुलिया के नीचे और अंडरपास में सीसी सड़क निर्माण तथा प्रकाश व्यवस्था की मांग भी रखी गई। वहीं घासीपुरा अंडरपास के अंतिम अनुमोदन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर परियोजना निदेशक ने बताया कि प्रक्रिया जारी है और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
उपेन यादव ने बताया कि जयपुर तिराहे की दोनों पुलियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा वहां बन रहा सुलभ शौचालय अंतिम चरण में है। जल्द ही इसे आमजन के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर उपेन यादव ने कहा कि उनका प्रयास विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सहयोग और आशीर्वाद से विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *