
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राज्यसभा सांसद डॉ अलका सिंह गुर्जर के स्वागत समारोह में गुर्जर समाज की माताओं एवं बहनों का उत्साह देखने लायक रहा। पीली लुगड़ी पहनकर बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे आयोजन में विशेष ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर डॉ. अलका सिंह गुर्जर ने समाज की महिलाओं के स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज जयपुर धन्य हो गया है। गुर्जर समाज की माताओं और बहनों का यह अपार प्रेम एवं समर्थन उन्हें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए नई प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और महिलाओं की सहभागिता किसी भी समुदाय की सबसे बड़ी ताकत होती है।
कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ “भगवान देवनारायण की जय”, “गुर्जर समाज की जय” तथा “डॉ. अलका सिंह गुर्जर जी का अभिनंदन” के उद्घोष लगाए।
स्वागत समारोह केवल एक जनप्रतिनिधि के अभिनंदन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह गुर्जर समाज की एकजुटता, सम्मान और मातृशक्ति के गौरव का प्रतीक बनकर उभरा।
कार्यक्रम के अंत में युवा मोर्चा के महेंद्र कसाना ने सभी समाजबंधुओं, माताओं-बहनों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकता और सक्रिय भागीदारी ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।