
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर पालिका ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। कस्बे में पूर्व में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े थे, जिन्हें अब जल्द ही पुनः चालू किया जाएगा।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरिनारायण यादव ने बताया कि बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सभी कैमरों को चरणबद्ध तरीके से चालू कर दिया जाएगा, जिससे पूरे कस्बे की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे शुरू होने से कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी और किसी भी आपराधिक घटना के खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हो सकेंगे। कैमरों की निगरानी और कंट्रोल सिस्टम मनोहरपुर थाना में पुलिस के नियंत्रण में रहेगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सकेगी।
नगर पालिका का मानना है कि आधुनिक तकनीक से लैस निगरानी व्यवस्था न केवल अपराधों पर अंकुश लगाने में सहायक होगी, बल्कि आम नागरिकों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ाएगी। कस्बे के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगे कैमरों के पुनः चालू होने से मनोहरपुर की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सीसीटीवी कैमरे शुरू होने से अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा और कस्बा अधिक सुरक्षित बनेगा।