
www.daylifenews.in
शाहपुरा (जयपुर)। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों को राहत पहुंचाने और जल संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से टीम दिगराज सिंह शाहपुरा द्वारा ‘पक्षी बचाओ-परिंडे लगाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर पानी के परिंडे लगाए जा रहे हैं, ताकि गर्मी के दिनों में पक्षियों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
अभियान के अंतर्गत मनोहरपुर नगरपालिका क्षेत्र, शाहपुरा, घासीपुरा, सुराणा, कुंभावास, बिशनगढ़, खोरी, अमरसर सहित कई स्थानों पर परिंडे लगाए गए। इस दौरान टीम के सदस्यों ने लोगों से भी अपने घरों, मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और खेतों में परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित हंसराज कसाणा ने कहा कि बेजुबान पक्षियों की सेवा करना मानवता का सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने आमजन से इस नेक पहल में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
टीम संयोजक दिगराज सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में टीम द्वारा परिंडे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे ग्रीष्मकाल में निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भाव जागृत करना है। टीम के इस प्रयास की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायक पहल बताया।