
कांग्रेस नेता दिगराज सिंह ने एसडीएम से की मुलाकात
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
शाहपुरा (जयपुर)। नगर पालिका क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शाहपुरा शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई वार्डों में कचरे के ढेर लग जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीर देखते हुए कांग्रेस नेता कुँवर दिगराज सिंह शाहपुरा ने उपखंड अधिकारी संजीव खेदड़ से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई।
इस दौरान दिगराज सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों द्वारा बार-बार ठेकेदार को अवगत कराने के बावजूद वेतन भुगतान नहीं होने से उनमें भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया है।
हड़ताल के कारण शहर के अधिकांश वार्डों में कचरा जमा हो गया है और कई स्थानों पर हालात डंपिंग यार्ड जैसे बन चुके हैं। इससे आमजन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका भी बढ़ गई है।
कांग्रेस नेता दिगराज सिंह ने एसडीएम से कर्मचारियों के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने तथा हड़ताल समाप्त करवाकर शहर की सफाई व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग की। इस दौरान उपखंड अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान दिगराज सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है और नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है।