
सांसद प्रतिनिधि ने मृतक रामवतार असवाल के परिवार को एक लाख रुपए का चैक सौंपा
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। भाजपा नेता एवं एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष स्वर्गीय रामावतार उर्फ पप्पू असवाल की हत्या के बाद शनिवार को सांसद प्रतिनिधि एवं भाजयुमो के पूर्व प्रदेश मंत्री देवायुष सिंह तथा जामा मस्जिद मनोहरपुर के सदर जमील खान चौहान कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सांसद राव राजेंद्र सिंह की ओर से निजी सहायता के रूप में एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक मृतक के परिजनों को सौंपा।
देवायुष सिंह ने मृतक के भाई गुलाब असवाल एवं पुत्र अमन असवाल से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाज के सभी लोगों को राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना चाहिए, यही सच्ची मानवता है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामचंद्र यादव, एससी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट बी.एस. बेनीवाल, मंडल महामंत्री उपेंद्र आत्रेय, हाजी बुंदू खान पडियार, जहीर खान, अंजुम खान, बद्री प्रसाद जाट, सुनील बिहाजर, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहनलाल गुर्जर सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।