


संगठन मजबूती और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
www.daylifenews.in
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन कांग्रेस कार्यालय में देश भर से आये हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों के साथ संवाद किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की पहल पर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चोपदार, 50 जिला अध्यक्ष, 15 प्रदेश उपाध्यक्ष सहित प्रदेश नेतृत्व ने भाग लिया।
बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान आगामी नगर निकाय, पंचायती राज, विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
राहुल गांधी ने पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा चलाई जा रही संगठनात्मक गतिविधिओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं AICC अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी सहित देशभर से आये हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।