आईआईटी मंडी के दीक्षांत समारोह में संबोधित करेंगे

www.daylifenews.in
मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी, 20 जून 2026 को अपना 14वां दीक्षांत समारोह आयोजित करने जा रहा है। यह समारोह स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विद्यावाचस्पति (पीएचडी) कार्यक्रमों के 643 विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव होगा। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार तथा नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न पदक एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इस वर्ष स्नातक होने वाला बी.टेक. बैच संस्थान के इतिहास का सबसे बड़ा बैच है और यह संस्थान की स्थापना के बाद अब तक का सबसे बड़ा बी.टेक. स्नातक समूह होगा। दीक्षांत समारोह में वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक बी. के. गोयनका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। समारोह में आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटी तथा आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंगन बनर्जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईटी मंडी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कंवलजीत सिंह ढिल्लों, परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, युद्ध सेवा पदक, विशिष्ट सेवा पदक करेंगे। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा: दीक्षांत समारोह हमारे स्नातक विद्यार्थियों की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और संस्थान के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *