
जनहित, सामाजिक सरोकारों और अधिकारों की आवाज बुलंद करने पर हुआ सम्मान
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
शाहपुरा/कोटपूतली (जयपुर)। कोटपूतली स्थित होटल दीवान रीजेंसी में इंडिया अहेड नेशनल न्यूज चैनल की ओर से आयोजित भव्य सम्मान समारोह में शाहपुरा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं ब्लॉगर विजय तांबी को प्रतिष्ठित ‘कोटपूतली रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
तांबी को यह सम्मान जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने, आमजन के अधिकारों और हक की पैरवी करने तथा विभिन्न विभागों, जांच एजेंसियों और न्यायिक मंचों तक मामलों को पहुंचाकर राहत दिलाने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। राजस्थान स्तर की जूरी ने उनके सामाजिक सरोकारों, जनहित कार्यों और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उनका चयन किया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि विजय तांबी ने पारंपरिक सामाजिक सेवा और एनजीओ कार्यशैली से अलग जनहित के मुद्दों पर सक्रियता का नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। वे पर्यावरण, मानवाधिकार, प्रशासनिक जवाबदेही और आमजन की समस्याओं को लेकर निरंतर मुखर रहते हैं। वक्ताओं ने बताया कि आरटीआई व्यवस्था के जटिल होने के दौर में तांबी ने इंडियन एविडेंस एक्ट जैसे प्रभावी कानूनी प्रावधानों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक हंसराज गुर्जर ने कहा कि विजय तांबी से उनका पुराना परिचय है। उन्होंने कहा कि तांबी की खबरें और सोशल मीडिया पोस्ट जनहित आधारित विषयों पर केंद्रित होती हैं तथा उनकी पत्रकारिता का अंदाज अलग और प्रभावशाली है।
विशिष्ट अतिथि एडीएम ओपी सहारण ने कहा कि विजय तांबी के ब्लॉग सामाजिक मुद्दों को रोचक, व्यंग्यात्मक और प्रभावी भाषा में प्रस्तुत करते हैं। उनकी लेखनी का असर ऐसा होता है कि संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मुद्दों पर ध्यान देने को मजबूर होते हैं। उन्होंने कहा कि तांबी ने क्षेत्र में ब्लॉगिंग को नई पहचान दिलाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विजय तांबी ने कार्यक्रम में देर से पहुंचने पर उपस्थित प्रबुद्धजनों से क्षमा याचना की और कहा कि स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्हें विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि वक्ताओं ने उनके कार्यों के बारे में जो कहा, वह उनका बड़प्पन है। तांबी ने कहा कि समाज में सबसे बड़ा अपराध गलत समय पर मौन रहना है और ईश्वर जिम्मेदारी उसी व्यक्ति को देता है, जो उसे निभाने का सामर्थ्य रखता है। कार्यक्रम में कोटपूतली शहर के अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन तथा विभिन्न वर्गों से जुड़े बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।