
रावणगेट की लोहानी कॉलोनी में माला-मिठाई का लगा तांता, विधायक शिखा मिल बराला ने दी बधाई
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
चौमू (जयपुर)। राजस्थान अल्पसंख्यक विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ और उसका असर सीधा चौमू की सियासत पर दिखा। विभाग अध्यक्ष एमडी चोपदार के निर्देश पर जिला अध्यक्ष सिराज खान ने रावणगेट स्थित लोहानी कॉलोनी निवासी शहजाद खान पुत्र अलीशेर खान लोहानी को जिला उपाध्यक्ष (पश्चिम) पद पर मनोनीत किया है।
खबर लगते ही मचा हर्ष
जैसे ही नियुक्ति की सूचना चौमू पहुंची, लोहानी कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, अल्पसंख्यक समाज के अग्रणियों और मोहल्ले के सैकड़ों लोगों ने शहजाद खान के घर पहुंचकर उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाइयां दी गईं। ढोल-नगाड़ों पर युवाओं ने नाचकर जश्न मनाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहजाद मिलनसार हैं और हमेशा समाज के बीच रहते हैं। ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलना चौमू के लिए गर्व की बात है।
विधायिका से लेकर कार्यकर्ताओं तक ने दी बधाई
इस शुभ अवसर पर चौमू विधायिका डॉ. शिखा मिल बराला विशेष रूप से लोहानी के निवास पर पहुंचीं। उन्होंने शहजाद खान को गुलदस्ता भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. बराला ने कहा, शहजाद खान जैसे समर्पित और जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने से ही संगठन मजबूत होगा। मुझे विश्वास है कि वे अल्पसंख्यक समाज की आवाज को और मजबूती से उठाएंगे। इसके अलावा कई पार्षद, पंचायत समिति सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी बधाई संदेश भेजे।
शहजाद खान ने जताया आभार, लिया संकल्प
नियुक्ति के बाद शहजाद खान लोहानी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “मैं राजस्थान अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय एमडी चोपदार साहब और हमारे जिला अध्यक्ष सिराज खान साहब का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर ये बड़ी जिम्मेदारी दी है।”
उन्होंने आगे कहा, मुझ पर जो भरोसा किया गया है, मैं उस पर 100% खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मेरी प्राथमिकता होगी कि अल्पसंख्यक समाज की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाया जाए। शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समरसता के लिए काम करना ही मेरा लक्ष्य रहेगा। चौमू का हर वर्ग मेरा परिवार है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोहानी कॉलोनी जैसे संवेदनशील इलाके से शहजाद खान की नियुक्ति संगठन को जमीन स्तर पर मजबूती देगी। शहजाद खान पिछले कई वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हैं और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं।
अब देखना होगा कि जिला उपाध्यक्ष (पश्चिम) के रूप में शहजाद खान चौमू में अल्पसंख्यक समाज और पार्टी के बीच सेतु का काम कितनी मजबूती से करतें है।