मासिक पास खत्म करने के विरोध में चक्का जाम

120 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट बताकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 स्थित मनोहरपुर टोल प्लाजा पर लागू किए गए मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) सिस्टम के विरोध में गुरुवार को लाल झंडा टैक्सी यूनियन के बैनर तले लोकल टैक्सी चालकों ने चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। चालकों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई ने वर्षों से मिल रही लोकल कॉमर्शियल वाहनों की मासिक पास सुविधा समाप्त कर सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा कर दिया है।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि मनोहरपुर टोल से जुड़े करीब 120 लोकल टैक्सी वाहन पहले मासिक पास के जरिए आवागमन करते थे। पहले 150 रुपए का मासिक पास था, जिसे एक वर्ष पूर्व बढ़ाकर 1000 रुपए कर दिया गया था। अब एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने के बाद इन वाहनों को प्रतिदिन 135 रुपए टोल देना पड़ रहा है, जबकि अधिकांश चालक दिनभर में एक ही फेरा लगाकर करीब 400 रुपए तक की कमाई कर पाते हैं। ऐसे में रोजाना टोल देना उनके लिए आर्थिक रूप से संभव नहीं है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों से कई बार लोकल मासिक पास व्यवस्था को पूर्ववत रखने की मांग की गई, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। इससे स्थानीय टैक्सी चालकों में भारी रोष है। इस दौरान शाहपुरा ब्लॉक अध्यक्ष नाथू लाल सैनी RLP से महेन्द्र चौधरी मौके पर पहुंचे।
विरोध स्वरूप चालकों ने अपने वाहन खड़े कर चक्का जाम किया और एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह तथा उपखंड अधिकारी संजीव खेदड़ को ज्ञापन सौंपकर लोकल मासिक पास व्यवस्था तत्काल बहाल करने की मांग की। एसडीएम ने अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान विक्रम सिंह धोलीवाल,मुकेश खुडानिया आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *