
एमएलएफएफ के विरोध में मनोहरपुर टोल पर आंदोलन तेज
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 स्थित मनोहरपुर टोल प्लाजा पर लागू किए गए मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) सिस्टम के विरोध में लाल झंडा टैक्सी यूनियन ने शुक्रवार को आंदोलन तेज कर दिया। यूनियन के बैनर तले करीब 150 टैक्सी वाहनों को एनएचएआई कार्यालय के सामने खड़ा कर कार्यालय का रास्ता अवरुद्ध कर दिया। सूचना पर प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए पांच दिन का समय मांगा, जिसके बाद यूनियन ने धरना जारी रखते हुए जनसमर्थन जुटाने का निर्णय लिया।
यूनियन का आरोप है कि एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने के बाद 20 किलोमीटर की परिधि में संचालित लोकल कॉमर्शियल वाहनों के पहले से बने मासिक पास समाप्त कर दिए गए हैं। इसके विरोध में टैक्सी चालक पिछले तीन दिनों से चक्का जाम कर आंदोलन कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह आंदोलन को और तेज करते हुए एनएचएआई कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में वाहन खड़े कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
मौके पर उपखंड अधिकारी संजीव खेदड़, एनएचएआई के अधिकारी, थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता की। यूनियन अध्यक्ष महेश मीणा और संपूर्णानंद शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि लोकल टैक्सी वाहनों से प्रतिदिन करीब 180 रुपए टोल वसूला जा रहा है, जबकि अधिकांश चालक एक चक्कर में करीब 400 रुपए ही कमा पाते हैं। ऐसे में यह व्यवस्था करीब 600 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट बन गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और उग्र करते हुए व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए पांच दिन का समय मांगा। उपखंड अधिकारी ने यूनियन से मांगों का ज्ञापन देने को कहा, जिस पर पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंप दिया।
सर्विस रोड पर टोल का मुद्दा भी उठा
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सर्विस रोड पर टोल वसूली का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई ने मनमाने ढंग से स्थानीय संपर्क मार्गों को टोल के दायरे में ले लिया है, जिससे रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी स्थानीय लोगों को टोल चुकाना पड़ रहा है।
प्रोजेक्ट मैनेजर से भी हुई वार्ता
इधर, भाजपा नेता उपेंद्र यादव के नेतृत्व में टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर से मुलाकात कर लोकल टैक्सी वाहनों के मासिक पास बहाल करने और अन्य समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।