प्रधानमंत्री ने 1.05 लाख करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
जयपुर/शाहपुरा प्रधानमंत्री ने बालोतरा जिले के पचपदरा से राजस्थान को करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर आयोजित रोजगार मेले के तहत सरकारी नौकरियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का शाहपुरा पंचायत समिति सभागार में वर्चुअल प्रसारण किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लाइव संबोधन सुना।
कार्यक्रम में राजस्थान रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करने के साथ ही यमुना जल परियोजना, जयपुर मेट्रो फेज-2, सड़क, ऊर्जा, रेलवे एवं नागरिक उड्डयन से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया गया। शाहपुरा में आयोजित रोजगार मेले के दौरान क्षेत्र के 291 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प लगातार साकार हो रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़, शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी उपेन यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार रणधीर सिंह, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता मंजू सैनी तथा पंचायत समिति प्रधान पिस्ता देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान पंचायत समिति परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी संजीव कुमार खेदड़, तहसीलदार नानूलाल यादव, बीडीओ राकेश कुमार, आयुक्त शुभम कुमार गुप्ता, एबीईओ पवन कुमार जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं शाहपुरा थाना प्रभारी रिया चौधरी के नेतृत्व में सुरक्षा एवं यातायात की सुव्यवस्थित व्यवस्था रही। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *