
प्रथम स्थान वाले विद्यार्थी को मिलेगा 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर(जयपुर)। भाग्योदय सेवा संस्था द्वारा आयोजित शाहपुरा प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का परिणाम मंगलवार को जारी किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों के साथ शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
इस संबंध में भाजपा प्रधान कार्यालय खोजावला में भाजपा नेता उपेन यादव के नेतृत्व में भाग्योदय सेवा संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने की रणनीति तय की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता का परीक्षा परिणाम मंगलवार को सार्वजनिक किया जाएगा।
उपेन यादव ने बताया कि परिणाम जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जून माह में आयोजित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में करीब 864 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। परीक्षा का मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो चुका है और परिणाम को अंतिम रूप दे दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय, तृतीय सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा उन्हें उच्च शिक्षा और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
14 जुलाई को होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतियोगिता के विजेताओं के अलावा शिक्षा, सामाजिक सेवा, खेल, कला, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्थानीय प्रतिभाओं का भी सम्मान किया जाएगा। समारोह में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
उपेन यादव ने बताया कि भाग्योदय सेवा संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना, उनका सम्मान करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।