
महिला एवं युवा सशक्तिकरण के लिए गांव-गांव पहुंच रहा अभियान, रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष जोर
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर(जयपुर)। शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में युवराज दिगराज सिंह शाहपुरा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित महिला एवं युवा सशक्तिकरण अभियान सामाजिक बदलाव की नई मिसाल बनता जा रहा है। रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास को केंद्र में रखकर चलाया जा रहा यह अभियान गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं और युवाओं में आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की नई भावना विकसित हो रही है।
अभियान के माध्यम से बेटियों, बहनों और माताओं को शिक्षा, स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक सीमाओं को पीछे छोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। क्षेत्र में इस पहल को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है और बड़ी संख्या में महिलाएं अभियान से जुड़ रही हैं।
युवराज दिगराज सिंह ने कहा कि “जब महिला मजबूत होती है, तो परिवार, समाज और देश स्वतः आगे बढ़ता है।” उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
ट्रस्ट ने आमजन से भी इस जनजागरण अभियान का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि एक सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है।