15 साल से बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। उदावाला ग्राम में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से लोचूकाबास होते हुए पिरावाली ढाणी और नया जोड़ा तक जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। करीब दो किलोमीटर बनी इस सड़क पर लंबे मार्ग पर बने गहरे गड्ढों से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध-प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2001 में निर्मित इस सड़क की पिछले कई वर्षों से कोई सुध नहीं ली गई है। हालत यह है कि सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और बारिश के दिनों में यह मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है। स्कूल वाहन चालक, स्कूली बच्चे, किसान और बुजुर्ग प्रतिदिन जोखिम उठाकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि ने कहा, “मैं कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत करा चुका हूं। जिला कलेक्टर से लेकर पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल तक को सड़क की दुर्दशा के बारे में बताया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर हमारे गांव के विकास कार्यों को ही क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि क्या हम पाकिस्तान में है? क्या हम इस प्रदेश के नागरिक नहीं हैं?”
उन्होंने आगे कहा, “आसपास के छोटे-छोटे गांवों में विकास कार्य हो रहे हैं, लेकिन हमारे गांव के साथ ही बार-बार अन्याय क्यों किया जाता है? आखिर उदावाला के ग्रामीणों की अनदेखी कब तक होती रहेगी?”
सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से लोचूकाबास तक जाने वाला यह मार्ग आगे पिरावाली ढाणी होते हुए नया जोड़ा तक पहुंचता है। इस पूरे मार्ग के बीच में बने गहरे गड्ढे लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कई बार जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस मार्ग से गुजर चुके हैं, लेकिन सड़क की स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्षों से लगातार मांग करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। सरपंच प्रतिनिधि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो सभी ग्रामवासी एकजुट होकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं विधायक मनीष यादव को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को विधानसभा तक पहुंचाकर समाधान का रास्ता निकालेंगे।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की और कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच उदावाला और आसपास के गांवों की यह सड़क सरकारी उदासीनता की मिसाल बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *