
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर थाना के सामने अचानक हुई बारिश के कारण सड़क पर बढ़ी फिसलन एक सड़क हादसे की वजह बन गई। बहरोड़ से खो नागोरियान लौट रहे दो लोगों की कार अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर पर चढ़ गई और सड़क किनारे स्थित नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, खो नागोरियान निवासी सन्नू खान पुत्र रहीम खान एवं सिराजुद्दीन खान पुत्र हाजी मोहम्मद कार से बहरोड़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर थाना के सामने अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई। चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन डिवाइडर पर चढ़ते हुए नीम के पेड़ से जा भिड़ा।
हादसे में सिराजुद्दीन खान को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए निम्स चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि वाहन की रफ्तार अधिक होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। बारिश के मौसम में वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की पुलिस ने अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।