खोरा लाड़खानी में जलभराव से जनजीवन बेहाल

ग्रामीणों ने लगाए अनदेखी के आरोप सरपंच बोले- खेत निजी भूमि
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। एक ओर केंद्र और राज्य सरकार स्वच्छ भारत अभियान एवं ग्रामीण विकास पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर मनोहरपुर क्षेत्र निकटवर्ती ग्राम पंचायत खोरा लाड़खानी में जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बरसात का पानी मकानों के पीछे जमा होने से दलदल में तब्दील हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण बनवारी लाल कटारिया ने आरोप लगाया कि उनके मकान के पीछे लंबे समय से बरसाती पानी भरा हुआ है। इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि जलभराव के कारण गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, रास्ते खराब होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही ग्राम पंचायत की कार्यशैली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की है।
क्या कहते हैं सरपंच?
ग्राम पंचायत खोरा लाड़खानी के सरपंच ईश्वर चंद जाट ने बताया कि जिस स्थान पर पानी भरा हुआ है, वह बनवारी लाल कटारिया के मकान के पीछे स्थित निजी खेत की भूमि है। उन्होंने कहा, वहां ग्राम पंचायत द्वारा सफाई करवाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन हमें सफाई करने नहीं दी जाती। निजी भूमि होने के कारण पंचायत की सीमाएं भी हैं। अब इस मामले में ग्रामीणों और ग्राम पंचायत के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *