
“एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत
www.daylifenews.in
जयपुर। एनसीआईएसएम (NCISM), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार, राजस्थान सरकार एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय की संयुक्त योजना “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत राजस्थान यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, जयपुर ने अपने परिसर एवं हर्बल गार्डन में 500 पौधे लगाकर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है।
इस अभियान का शुभारंभ 27 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मोहम्मद आज़म अंसारी तथा कॉलेज प्रबंधन समिति के संयुक्त सचिव जनाब हाफिज़ मोहम्मद इमरान ने पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर कॉलेज के उप-प्राचार्य प्रो. ज़ियाउल इस्लाम, अभियान के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. सैयद अब्दुल मजीब, प्रो. सिराजुल हक़ खान, प्रो. मोहम्मद आसिफ़ खान, प्रो. शाहिद अली खान, प्रो. खालिद अली खान, डॉ. नाज़िया एजाज़ रसूल, डॉ. सायमा, डॉ. सफिया, डॉ. रुशी खान, डॉ. मुजीबुर्रहमान, डॉ. मुनज्ज़िम सहित कॉलेज के समस्त शिक्षकों, कार्यालय कर्मचारियों मोहम्मद इमरान, नाहिद खान, वसीम खान, राहिल खान, अब्दुल हयी तथा सभी विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. सैयद अब्दुल मजीब ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत राजस्थान यूनानी मेडिकल कॉलेज ने 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में संस्थान अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी माँ के नाम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए।