एडीजीपी एस. सेंगाथिर ने मनोहरपुर थाने को ‘गोद’ लिया

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एडीजीपी-सतर्कता) एस. सेंगाथिर ने सोमवार देर शाम मनोहरपुर थाने का औचक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मनोहरपुर थाने को गोद लेने की घोषणा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, अनुशासन और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
थाने में पहुंचने पर आरएसी के जवानों ने एडीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रणवीर सिंह, शाहपुरा पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मी नारायण, थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, एसआई सोहन यादव, एएसआई रामू सिंह, धर्मेंद्र मीणा, देवीसहाय, राजेंद्र कुमार, मुकेश कस्बा सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।
एडीजीपी ने थाना परिसर, स्वागत कक्ष, मालखाना, एचएम कार्यालय, रसोईघर, रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष एवं बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, समस्याओं और थाना संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना होनी चाहिए।
थाने की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित रखरखाव एवं कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए एडीजीपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *