
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे की पुरानी सड़क पर बेकाबू रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही है। सोमवार सुबह पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन बिजली के पोल को टक्कर मारकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्युत पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई राहगीर या स्कूली बच्चा इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
इस मार्ग पर विद्यालय, मंदिर, हॉस्पिटल भी
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो महीनों में इसी क्षेत्र में इस तरह की 3 से 4 घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मनोहरपुर टोल के बाद भारी वाहनों का आवागमन इस मार्ग से बढ़ गया है, जिससे सड़क पर लगातार दुर्घटना और जाम की स्थिति बनी रहती है।
सामाजिक कार्यकर्ता महेश जड़वाल ने बताया कि स्कूल, अस्पताल और आबादी क्षेत्र होने के बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। कई बार जाम की स्थिति एक-एक घंटे तक बनी रहती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।