
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। के.सी.जेड. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महावीर मार्ग, सी-स्कीम, जयपुर में “जोश भरा खेल उत्सव” का उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी सुनील जैन ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
खेल उत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रोचक, मनोरंजक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर गोले में रखी बोतल तक पहुंचने, आंखें बंद कर अपने मित्रों को पहचानने, दोनों हाथ बांधकर कोहनी पर रखे ग्लास को गिरने से बचाने तथा आंखों पर पट्टी बांधकर किसी बच्चे को मुंह में टॉफी खिलाने जैसे अनोखे खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। खेलों में बच्चों का जोश, उमंग, चतुराई, एकाग्रता और आत्मविश्वास देखते ही बनता था। विद्यार्थियों ने खेलों का भरपूर आनंद लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार वाजा ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में एकाग्रता, निर्णय क्षमता, चतुराई और आत्मविश्वास का विकास होता है।
विद्यालय के मानद मंत्री रजनीकांत पटेल ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, धैर्य, सहयोग एवं संघर्ष की भावना विकसित करते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण है पूरे उत्साह, लगन और आत्मविश्वास के साथ भाग लेना।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं शानदार प्रदर्शन की सराहना की। विद्यालय परिवार एवं अतिथियों ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।