प्रो. शाहिद अली खान जोधपुर यूनानी संकाय के डीन नियुक्त

www.daylifenews.in
जयपुर। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के माननीय कुलपति प्रो. वैद्य गोविंद सहाय शुक्ला द्वारा राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ यूनानी मेडिसिन में प्रो. शाहिद अली खान, पूर्व प्राचार्य, राजस्थान यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर तथा विश्वविद्यालय के यूनानी संकाय के वरिष्ठतम प्रोफेसर को डीन, फैकल्टी ऑफ यूनानी मेडिसिन नियुक्त किया गया है।
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के उपलक्ष्य में राजस्थान यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर के ऑडिटोरियम में कॉलेज के प्रबंधन, फैकल्टी सदस्यों, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों तथा मंत्रालयिक स्टाफ द्वारा अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. सैयद अब्दुल मुजीब ने किया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मोहम्मद आजम अंसारी ने माननीय कुलपति का आभार व्यक्त किया तथा नवनियुक्त डीन प्रो. शाहिद अली खान का बुके भेंट कर स्वागत किया।
कॉलेज प्रबंधन के अध्यक्ष एवं चेयरमैन श्री ज़हीर साहब तथा सचिव डॉ. परवेज वारसी ने भी नवनियुक्त डीन का पुष्प भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. शाहिद अली खान की नियुक्ति कॉलेज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
प्रबंधन के संयुक्त सचिव हाफिज इमरान ने कहा कि यह राजस्थान यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि डीनशिप की यह दूसरी पारी है तथा पिछले तीन वर्षों से इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी इसी संस्थान से जुड़ी रही है, जो कॉलेज के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने इस सम्मान के लिए कुलपति का विशेष आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. जियाउल हसन, प्रो. शौकत अली, प्रो. सेराजुल हक खान, डॉ. सय्यमा खान, डॉ. नाज़िया अजाज़ रसूल, डॉ. शुमायला, प्रो. मोहम्मद आसिफ खान सहित कॉलेज के समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने नवनियुक्त डीन प्रो. शाहिद अली खान का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
संयुक्त सचिव हाफिज इमरान ने घोषणा की कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में कॉलेज प्रबंधन द्वारा शीघ्र ही एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं नवनियुक्त डीन प्रो. शाहिद अली खान ने कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों एवं मंत्रालयिक स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि: “यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे संस्थान, शिक्षकों और कॉलेज के समस्त स्टाफ का सम्मान है।”
उन्होंने कहा कि वे डीन के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही, विश्वविद्यालय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए तथा माननीय कुलपति के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में यूनानी चिकित्सा शिक्षा, अकादमिक गतिविधियों एवं अनुसंधान कार्यों के विकास और विस्तार के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के प्रबंधन, शिक्षकों तथा स्टाफ के सहयोग से यूनानी चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफलता मिलेगी। यह जानकारी प्रो. खालिद अली खान राजस्थान यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर ने प्रेस विज्ञप्ति में दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *