
विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस
लेखक : सलाम जौहर
जयपुर
www.daylifenews.in
मुस्लिम प्रोग्रेसिव फेडरेशन राजस्थान के कन्वीनर अब्दुल सलाम जौहर ने कहा कि आज विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस बड़े जागरूकता संदेश के साथ मनाया गया। हर साल सितंबर माह के दूसरे शनिवार को मनाए जाने वाले इस दिवस का उद्देश्य जन-जन तक प्राथमिक चिकित्सा का महत्व पहुंचाना है। इस साल यह दिवस 12 सितंबर को मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी अब्दुल सलाम जौहर ने कहा कि दुर्घटना कभी भी, कहीं भी हो सकती है। सड़क हादसा हो, घर में चोट लगना हो या अचानक किसी की तबीयत बिगड़ जाए, ऐसे नाजुक समय में यदि घायल को तुरंत प्राथमिक चिकित्सा मिल जाए तो कई अनमोल जानें बचाई जा सकती हैं। अस्पताल पहुंचने से पहले दिया गया पहला उपचार ही जीवन और मौत के बीच की सबसे बड़ी कड़ी होता है।
जौहर ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक चिकित्सा के ज्ञान के अभाव में कई लोग दम तोड़ देते हैं। जबकि थोड़ी सी समझदारी और सूझबूझ से खून बहने से रोकना, सीपीआर देना, बेहोश व्यक्ति को संभालना जैसे छोटे-छोटे प्रयास किसी की जिंदगी बचा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि सभी स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाना चाहिए। हर व्यक्ति को फर्स्ट एड बॉक्स रखना और उसका उपयोग करना आना चाहिए।
अब्दुल सलाम जौहर ने अंत में कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और प्राथमिक चिकित्सा का ज्ञान हर हाथ में होना चाहिए, ताकि हम किसी की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दे सकें।