
जाफर लोहानी
www.daylifenws.in
मनोहरपुर (जयपुर)। थाना पुलिस ने रविवार को जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में मनोहरपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल RJ52 SH 2193 बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर की रात करीब 1:45 बजे नवलपुरा क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद के दौरान तीन बदमाश पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद आरोपियों ने दो बार फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा लखन सिंह, वृत्ताधिकारी शाहपुरा लक्ष्मीनारायण सैनी के निकटतम सुपरविजन तथा मनोहरपुर थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाकर पूर्व में फायरिंग व रंगदारी के मामलों में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि भाई राज गैंग से जुड़े सदस्यों के जरिए जमीन पर कब्जा करवाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ललित कुमार वर्मा उर्फ राणा पुत्र कालूराम, निवासी चक मनोहरपुर, थाना चंदवाजी तथा महेंद्र कुमार यादव उर्फ काना पुत्र कैलाश चंद यादव, निवासी चक मनोहरपुर, थाना चंदवाजी को गिरफ्तार किया।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल RJ52 SH 2193 जब्त की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ललित कुमार वर्मा के खिलाफ फायरिंग, रंगदारी, हत्या के प्रयास सहित कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों तथा अवैध हथियार उपलब्ध कराने वालों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फायरिंग की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा होने से इलाके में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। सोहनलाल उ. नि मुकेश कुमार स. उ. नि,दीपचंद का. नि, संदीप का. नि,सूरज का. नि,राजेंद्र का. नि, रमेश का नि शामिल रहे। उक्त घटना का खुलासा करवाने में राजेंद्र का.नि की विशेष भूमिका रही।